जमशेदपुर : बैंक ऑफ इंडिया की काटिन शाखा की बकाया राशि की वसूली को लेकर कमलपुर थाना क्षेत्र के गेंगाड़ा गांव में शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की गई. जिला प्रमाणपत्र पदाधिकारी एमडी मोजाहिद अंसारी की अदालत से जारी कुर्की वारंट के आधार पर कमलपुर पुलिस ने प्रमाणपत्र ऋणी निर्मल कुमार महतो का घर कुर्क किया. (नीचे भी पढ़ें)
जानकारी के अनुसार, गेंगाड़ा निवासी निर्मल कुमार महतो के विरुद्ध बैंक के कुल 18,49,835 रुपये बकाया हैं. निर्धारित अवधि में राशि का भुगतान नहीं किए जाने पर प्रमाणपत्र न्यायालय ने चल संपत्ति कुर्क करने का आदेश जारी किया था. वारंट के अनुपालन में पुलिस ने निर्मल कुमार महतो के घर से कुल 27 चल सामान कुर्क कर अपने कब्जे में ले लिया. आदेश के तहत बकाया राशि और कुर्की की लागत का भुगतान होने तक जब्त संपत्ति पुलिस के कब्जे में रहेगी. पुलिस को कार्रवाई की पूरी रिपोर्ट प्रमाणपत्र न्यायालय में प्रस्तुत करने का भी निर्देश दिया गया है.















