जमशेदपुर : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के पावन अवसर पर जमशेदपुर के मानगो गांधी मैदान में श्रद्धांजलि एवं स्मरण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके महान योगदान को स्मरण किया. इस अवसर पर उपायुक्त भी उपस्थित रहे. इस अवसर पर मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि महात्मा गांधी जी का सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और मानव सेवा का संदेश आज भी समाज एवं राष्ट्र के लिए उतना ही प्रासंगिक है. उन्होंने अपने जीवन और संघर्ष के माध्यम से यह दिखाया कि सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए भी बड़े से बड़ा परिवर्तन संभव है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचार केवल इतिहास का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शन का स्रोत हैं. स्वच्छ एवं सुंदर शहर के निर्माण के लिए नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता, जिम्मेदारी और सहभागिता आवश्यक है. गांधी जी के स्वच्छता संबंधी विचारों को आत्मसात करते हुए मानगो को स्वच्छ, स्वस्थ और व्यवस्थित नगर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए. मेयर सुधा गुप्ता ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी को नमन करते हुए कहा कि शास्त्री जी का जीवन सादगी, ईमानदारी, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का अनुपम उदाहरण है. उन्होंने अत्यंत सादगीपूर्ण जीवन जीते हुए देश के नेतृत्व की जिम्मेदारी निभाई और कठिन परिस्थितियों में राष्ट्र का मनोबल बढ़ाया. उनका जय जवान, जय किसान का संदेश देश की सुरक्षा और कृषि व्यवस्था के महत्व को रेखांकित करता है. (नीचे भी पढ़ें)
मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि दोनों महान विभूतियों के जीवन से हमें यह प्रेरणा मिलती है कि सार्वजनिक जीवन में पद से अधिक महत्वपूर्ण सेवा की भावना, ईमानदारी और जनता के प्रति जवाबदेही है. आज के दिन हमें संकल्प लेना चाहिए कि हम अपने समाज और शहर के विकास में सकारात्मक योगदान देंगे तथा आपसी सद्भाव, शांति और भाईचारे को मजबूत करेंगे.




