जमशेदपुर : मरीन ड्राइव में हुए भीषण सड़क हादसे में असमय जान गंवाने वाले सोनारी निवासी सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता तथा आदित्यपुर निवासी वंशिका खण्डेलवाल के परिजनों से जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने शनिवार को मुलाकात की. उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मिलकर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया. सरयू राय ने मृतकों के परिजनों से घटना की जानकारी ली और इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिया. उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की. उन्होंने कहा कि इस दुख की भरपाई किसी भी रूप में संभव नहीं है. गौरतलब है कि सरयू राय शुक्रवार देर रात जमशेदपुर लौटे. (नीचे भी पढ़ें)

शनिवार को उन्होंने सोनारी और आदित्यपुर जाकर हादसे में जान गंवाने वाले तीनों युवाओं के परिजनों से मुलाकात की. इस दौरान श्री राय के साथ उनके जनसुविधा प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा और स्वर्णरेखा क्षेत्र विकास ट्रस्ट के ट्रस्टी अशोक गोयल, अनिकेत सिंह सावरकर आदि भी मौजूद रहे. दूसरी ओर, जमशेदपुर में विगत दिनों हुई हृदयविदारक सड़क दुर्घटना में असमय जान गंवाने वाले तीनों बच्चों सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल के शोकाकुल परिजनों से पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास शनिवार को उनके आवास पर मुलाकात कर उनका दुख साझा किया. श्री दास ने कहा कि बच्चों को खोने का दर्द शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता है. इस अपूरणीय क्षति की भरपाई तो संभव नहीं है, लेकिन इस असीम शोक की घड़ी में मैं पूरी संवेदनशीलता और मजबूती के साथ शोकाकुल परिवारों के साथ खड़े है. उन्होंने कहा कि प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा परिजनों को इस असह्य वज्रपात को सहन करने का संबल प्रदान करें.




