जमशेदपुर : शहर में बढ़ते अपराध को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए रात्रि गश्ती अभियान तेज कर दिया है. इसी क्रम में शनिवार रात बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी निरंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विशेष रात्रि गश्ती की. थाना प्रभारी पूरे दल-बल के साथ क्षेत्र की विभिन्न प्रमुख सड़कों और गलियों में घूमकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते नजर आए. (नीचे भी पढ़ें)

गश्ती के दौरान पुलिस टीम ने संवेदनशील स्थानों के साथ-साथ बाजार और सुनसान इलाकों में भी निगरानी की. इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई.
थाना प्रभारी निरंजन कुमार ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में गली-गली रात्रि गश्ती की जा रही है. इसका उद्देश्य अपराध पर अंकुश लगाने के साथ आम लोगों में सुरक्षा की भावना बढ़ाना है. उन्होंने लोगों से अपील की कि रात के समय बेवजह घर से बाहर न निकलें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें. उन्होंने कहा कि शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है. आम लोगों से भी पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई है.




