
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए मतदान रविवार 14 दिसंबर को जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित जलाराम जैन भवन में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ. कुल 1412 पंजीकृत मतदाताओं में से 1148 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. सम्मेलन के इतिहास में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में मतदान दर्ज किया गया. (नीचे देखे पूरी खबर)
इनमें से तीन मत अमान्य घोषित किए गए. शेष 1145 वैध मतों की गणना में निवर्तमान अध्यक्ष मुकेश मित्तल को 413 मत प्राप्त हुए, जिसके आधार पर उन्हें विजयी घोषित किया गया. दूसरे स्थान पर रहे लिप्पु शर्मा को 367 मत मिले, जबकि विवेक चौधरी को 365 मत प्राप्त हुए. चुनाव में सम्मेलन के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई. शाम पांच बजे तक मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद संध्या छह बजे से मतगणना शुरू की गई. परिणामों की औपचारिक घोषणा शाम 7.50 बजे की गई. विजेता प्रत्याशी को निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा. पूरी मतदान प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में संपन्न कराई गई.











