जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में रविवार देर शाम करीब आठ बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब थैलीसीमिया पीड़ित चार वर्षीय बच्चे के पिता ने शराब के नशे में वार्ड के अंदर बीड़ी पीनी शुरू कर दिया. इससे वार्ड में धुआं भर गया. आरोप है कि उसने नर्स और अन्य मेडिकल कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार किया और बच्चे के हाथ में लगा केनुला भी नोचने लगा. जानकारी के अनुसार, ईचागढ़ निवासी बच्चे को अस्पताल की तीसरी मंजिल स्थित वार्ड में खून चढ़ाया जा रहा था. इसी दौरान उसके पिता आकाश कुमार कोल्ड ड्रिंक की बोतल में शराब लेकर वार्ड पहुंचे. (नीचे देखे पूरी खबर)

शराब पीने के बाद वह नशे की हालत में बीड़ी पीने लगा और हंगामा करने लगा. उस समय ड्यूटी पर तैनात नर्स बच्चे की देखभाल कर रही थी. घटना की सूचना मिलने पर होमगार्ड जवान मौके पर पहुंचे और सख्ती बरतते हुए आकाश कुमार को तीसरी मंजिल से नीचे लाकर पूछताछ केंद्र में बैठा दिया. मामले की सूचना एमजीएम थाना प्रभारी को भी दी गई. बी शिफ्ट के इंचार्ज जसवीर सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है. साथ ही नर्स को बच्चे की देखभाल जारी रखने का आग्रह किया गया है, ताकि उसके इलाज में किसी तरह की बाधा न आए. उन्होंने बताया कि बच्चे की मां बोकारो में रहती है और अस्पताल नहीं पहुंची है. ऐसे में बच्चे के इलाज और देखभाल को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है.





