जमशेदपुर: झारखंड सरकार के उच्च शिक्षा एवं नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन पर जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने गहरा दुख एवं शोक व्यक्त किया है. उन्होंने मंत्री सोनू के निधन को अत्यंत दुखद, पीड़ादायक और मर्माहत करने वाला बताते हुए इसे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति बताया. विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि जमशेदपुर के विकास कार्यों को लेकर उनका मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से लगातार संवाद होता रहा था. मोहरदा जलापूर्ति योजना के तहत इंटेक वेल के निर्माण से लेकर प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों को आवास की चाबी सौंपने सहित विभिन्न विकास कार्यों को लेकर उनसे निरंतर बातचीत और समन्वय होता रहा.(नीचे भी पढ़े)
उन्होंने कहा कि मंत्री सोनू ने हमेशा सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ सहयोग किया. उन्होंने मुझे छोटी बहन समझकर हमेशा स्नेह और सहयोग दिया और जमशेदपुर से जुड़े विकास कार्यों को लेकर उनकी ओर से सदैव सकारात्मक पहल देखने को मिली. उनके असमय निधन से व्यक्तिगत रूप से भी गहरा आघात पहुंचा है.विधायक पूर्णिमा साहू ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि परमपिता परमेश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिवार, उनके समर्थकों और शुभचिंतकों को इस अपार दुख एवं पीड़ा को सहन करने की शक्ति प्रदान करें.




