जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने कहा है कि लोग वेद का अध्ययन और अनुशीलन करें. उन्होंने यह भी कहा कि हमारे ऋषि-मुनियों की जो परंपरा है, उसे पुष्पित-पल्लवित करें. वह यहां जमशेदपुर के साकची स्थित स्वर्णरेखा नदी के तट पर नगर विकास विभाग के मद से वेद अध्ययन अनुशीलन के लिए निर्मित शेड का उद्घाटन करने के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे. इस वेद अनुशीलन केंद्र में आने वालों को धर्मरक्षिणी पौरोहित्य महासंघ के सम्मानित लोग शिक्षित-दीक्षित करेंगे. श्री राय ने कहा कि अब वेद अनुशीलन के बारे में लोगों को बताया जाए. हमारे वेदों में क्या लिखा है, इसे भी लोगों को न सिर्फ बताया जाए बल्कि समझाया भी जाए. हमारी संस्कृति क्या है, सनातन क्या है, इन तथ्यों पर अब बात करने की जरूरत है. धर्म को लेकर देश-दुनिया में क्या चल रहा है, यह बात किसी से छुपी हुई नहीं है. अब वेद अनुशीलन केंद्र के माध्यम से ही हम लोग सनातन के बारे में प्रचार करें. (नीचे भी पढ़ें)
अपने धर्म, अपनी संस्कृति के बारे में लोगों को ज्यादा से ज्यादा बताया जाए. इस केंद्र का भरपूर प्रचार किया जाए ताकि लोग यहां आकर हमारी परंपरा के बारे में जानें, वेदों के बारे में जानें, समझें अध्ययन करें ताकि सनातन धर्म में और ज्यादा मजबूती आए. विधायक सरयू राय ने कहा कि वेद अध्ययन अनुशीलन का कार्य सही तरीके से हो और इसमें किसी प्रकार की व्यवस्थागत कमी होगी तो वह देखेंगे, यथासंभव सहयोग करेंगे. यह एक पुनीत कार्य है. हमें अपने वेदों को पढ़ना, जानना और समझना चाहिए. हम इसे जितना पुष्पित पल्लवित करेंगे, समाज के लिए उतना बेहतर होगा. इस मौके पर धर्मरक्षिणी पौरोहित्य महासंघ के अध्यक्ष बिपीन झा, सचिव उमेश कुमार तिवारी, कोषाध्यक्ष सुधीर झा, विवेक पांडेय, राघवेंद्र प्रताप सिंह झुन्ना, धर्मेंद्र प्रसाद, सत्येंद्र पांडेय, राज सिंह समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे.



