जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को स्थित भुवनेश्वरी मंदिर और श्री कृष्ण मंदिर की तलहटी पर स्वामी विवेकानंद की ध्यान मुद्रा की प्रतिमा का अनावरण 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की जयंती पर किया जाएगा. 12 जनवरी को देशभर में युवा दिवस मनाया जाता है. विधायक सरयू राय ने गुरुवार को उस स्थल का मुआयना किया जहां स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा स्थापित की जानी है. यह प्रतिमा जनसहयोग से स्थापित की जा रही है, कारण कि विधायक निधि से प्रतिमा स्थापित करने के लिए जिला प्रशासन ने निधि का आवंटन नहीं किया है. जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने 6 जनवरी को इस बारे में पूर्वी सिंहभूम के उप विकास आयुक्त को पत्र के माध्यम से इस स्थल पर स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा स्थापित करने के लिए विधायक निधि से राशि विमुक्त करने हेतु आवश्यक कारवाई करने का अनुरोध किया था परंतु इस बारे में अभी तक जिला प्रशासन ने निधि विमुक्त करने की दिशा में कोई कार्रवाई नहीं किया है. (नीचे भी पढ़ें)

इसके पश्चात विधायक श्री राय ने पुनः 14 अक्टूबर को उप विकास आयुक्त को एक पत्र लिखकर श्री भुवनेश्वरी मंदिर की तलहटी पर वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक पार्क का निर्माण करने के लिए विधायक निधि से राशि विमुक्त करने की अनुशंसा किया था परंतु इस पर भी जिला प्रशासन द्वारा क्या कारवाई की गयी है इसकी भी ठोस सूचना नहीं है. जहां स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा स्थापित की जानी है और वरिष्ठ नागरिकों के लिए पार्क की स्थापना की जानी है, वह स्थान टेल्को के सबलीज क्षेत्र में है और मुख्यतः मंदिर की प्रबंधन समिति इसकी देखरेख करती है. (नीचे भी पढ़ें)
इस स्थल पर स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा लगाने और पार्क के रूप में विकास करने के बारे में न तो टाटा मोटर्स को कोई आपत्ति है और न ही मंदिर प्रबंधन समिति को. उल्लेखनीय है कि गत 12 जनवरी, 2022 को इस स्थल पर प्रतिमा स्थापित करने के लिए भूमि पूजन किया गया था, जिसमें जमशेदपुर अक्षेस के पदाधिकारी एवं मंदिर प्रबंधन समिति के लोग उपस्थित थे तथा इसकी जानकारी टाटा मोटर्स प्रबंधन को भी दी गयी थी. आश्चर्य है कि जिस स्थल पर प्रतिमा स्थापित करने तथा पार्क के निर्माण पर कोई आपत्ति नहीं है. जिला प्रशासन ने उस स्थल पर अनापत्ति प्रमाण पत्र के लिए मात्र एक पत्र भेजकर अपने कर्तव्य की इतिश्री कर लिया है. प्रासंगिक स्थल पर प्रतिमा के लए चबुतरा बनाने का कार्य शुक्रवार की दोपहर 12.30 बजे आरंभ किया जाएगा और स्वामी विवेकानंद की ध्यान मुद्रा की एक प्रतिमा 10 जनवरी, 2023 से पहले तैयार कर ली जाएगी. आगामी 12 जनवरी को इस स्थल पर एक कार्यक्रम आयोजित करके इसका अनावरण किया जाएगा.



