जमशेदपुर : झारखंड में वर्तमान सरकार के तीन वर्ष पूरा होने के असवर पर राज्यस्तरीय कार्यक्रम प्रोजेक्ट भवन, धुर्वा में आयोजित किया गया. इस कार्यक्रम कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया जिसमें जमशेदपुर पश्चिम के स्थानीय विधायक और मंत्री स्वास्थ्य चिकित्सा शिक्षा, परिवार कल्याण एवं आपदा प्रबंधन विभाग बन्ना गुप्ता, जमशेदपुर की उपायुक्त विजया जाधव, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर नन्दकिशोर लाल, निदेशक डीआरडीए सौरभ सिन्हा, अपर उपायुक्त जयदीप तिग्गा समेत जिला प्रशासन के सभी वरीय एवं विभागीय पदाधिकारी जमशेदपुर स्थित समाहरणालय सभागार से ऑनलाइन जुड़े. इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री के हाथों सांकेतिक रूप से 5 बालिकाओं को सावित्री बाई फुले समृद्धि योजना की स्वीकृति आदेश, 5 बालिकाओं को प्री मैट्रिक छात्रवृत्ति का लाभ दिया गया. (नीचे पढ़ें पूरी खबर)
स्वास्थ्य मंत्री ने मुख्यमंत्री से अपने संवाद में जिला प्रशासन के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उपायुक्त के कुशल नेतृत्व में जिले में विकास कार्यों को गति दी जा रही है वहीं अपराध में भी कमी आई है. उन्होने कहा कि जिले में 29 हजार बालिकाओं को सावित्री बाई फुले समृद्धि योजना का लाभ दिया जा चुका है, प्री मैट्रिक छात्रवृत्ति के 1 लाख 10 हजार बच्चों को लाभ अब तक मिल चुका है वहीं 1 लाख 78 हजार 607 लोगों को सर्वजन पेंशन योजना से जोड़ा गया है. उन्होने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उस कैबिनेट का हिस्सा हूं जिसने पिछले एक साल में लोगों के हित में कई अप्रत्याशित फैसले लिए हैं. विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है तथा राज्य के सम्पूर्ण विकास को लेकर वर्तमान सरकार कृतसंकल्पित है.



