
जमशेदपुर : वैश्विक महामारी के समय बेजुबान पशुओं की सेवा के उद्देश्य से जिले के सांसद विद्युत वरण महतो ने जुगसलाई स्थित गौशाला को 3 लाख का चेक प्रदान किया, ताकि संकट की घड़ी में पशुओं की अच्छी तरह से देखभाल हो सके, उनके समक्ष भूख की पीड़ा उत्पन्न ना हो. वैश्विक महामारी में जहां एक तरफ सरकार के साथ-साथ कई सामाजिक संस्थाएं मानव सेवा के लिए कंधे से कंधा मिलाकर चल रहे हैं ऐसे में जिले के सांसद ने बेजुबान पशुओं की सेवा कर मानवता का परिचय दिया. सांसद द्वारा जमशेदपुर और चाकुलिया गौशाला को 3-3 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की गई ताकि गौशाला प्रबंधन द्वारा गौशाला में मौजूद मवेशियों के लिए इस संकट की घड़ी में भोजन- पानी की उचित व्यवस्था हो सके. इस दौरान कमेटी के लोगों ने इस सहायता राशि के लिए जिले के सांसद का आभार व्यक्त किया. वही इस संबंध में जानकारी देते हुए सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि कोरोना माहमारी को लेकर सारे व्यापार धंधे बंद है, ऐसे में लोगों द्वारा दिए जाने वाले दान में भी काफी कमी आई है. जिससे इन बेजुबान मवेशियों की सेवा को लेकर प्रबंधन के समक्ष एक बड़ी संकट उत्पन्न हुई है. उन्होंने बताया जैसे ही उन्हें इस संबंध में जानकारी मिली उनके द्वारा निजी तौर पर यह मदद की गई और आगे भी उनकी कोशिश रहेगी कि यथा संभव वे मदद कर पाएं. उन्होंने बताया मवेशियों के भोजन के लिए एक शेड निर्माण की मांग की गई है जिसे भविष्य में पूरा करने की पूरी कोशिश की जाएगी. वही इस सहायता राशि के मिलने से प्रबंधन के लोगों ने राहत की सांस ली.














