जमशेदपुर : जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो को पुनः एक बार संसद रत्न पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया है. केंद्रीय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल की अध्यक्षता वाली एवं पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त एस कृष्णमूर्ति की समिति ने लोकसभा एवं राज्यसभा के सभी सांसदों के विभिन्न बिंदुओं पर मूल्यांकन के पश्चात इस पुरस्कार की घोषणा की है. उल्लेखनीय है कि गत वर्ष भी सांसद श्री महतो को यह पुरस्कार मिला था. संसद में विभिन्न प्रकार के प्रश्न, परिचर्चा, निजी बिलों की प्रस्तुति आदि सभी बिंदुओं को दृष्टिगत रखते हुए इनका मूल्यांकन किया गया था. यह पुरस्कार वर्तमान लोकसभा के प्रारंभ से शीतकालीन सत्र 2022 तक के कार्य निष्पादन के आधार पर किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
उल्लेखनीय है कि इस पुरस्कार की स्थापना 2010 में पूर्व राष्ट्रपति डॉ एपीजे अब्दुल कलाम के सुझाव के आधार पर बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले सांसदों के प्रयासों को निखारने और प्रोत्साहित करने के लिए प्रारंभ किया गया था. इस वर्ष यह पुरस्कार आगामी 25 मार्च को नई दिल्ली में सांसद श्री महतो को प्रदान किया जाएगा. पुरस्कार मिलने के पश्चात सांसद श्री महतो ने कहा कि वे अपने क्षेत्र की समस्याओं के निदान के लिए निरंतर सचेष्ट रहते हैं ताकि जनता ने जिन जिम्मेदारियों को उन्हें दिया है उसे वे ईमानदारीपूर्वक पूरा कर सकें. इस पुरस्कार को उन्होंने संपूर्ण जमशेदपुर लोकसभा के आम जनमानस को समर्पित करते हुए कहा है कि यह पुरस्कार उनके द्वारा दिए गए स्नेह और आशीष का परिणाम है. वह जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र की जनता के प्रति अपना आभार व्यक्त करते हैं. (नीचे भी पढ़ें)
ये सारे सांसद भी संसद रत्न में शामिल
जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो के अलावा पश्चिम बंगाल से भाजपा सांसद डॉ सुकांत मजूमदार, अंडमान निकोबार से कांग्रेस सांसद कुलदीप राय शर्मा, भाजपा महाराष्ट्री से सांसद डॉ हीना विजय कुमार गावित, पश्चिम बंगाल से कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी, महाराष्ट्र भाजपा से सांसद गोपाल चिननवय शेट्टी, भाजपा मध्य प्रदेश से सांसद सुधीर गुप्ता, महाराष्ट्र एनसीपी के सांसद डॉ अमोल रामसिंग कोल्हे, केरला सीपीआइएम सांसद डॉ जॉन बृतबास, राजद बिहार से राज्यसभा सांसद डॉ मनोज कुमार झा, महाराष्ट्र एनसीपी से राज्यसभा सांसद फौजिया तहसीन अहमद खान, समाजवादी पार्टी से राज्यसभा सांसद विश्वंभर प्रसाद निषाद और छत्तीसगढ़ से कांग्रेस के राज्यसभा सांसद छाया वर्मा को भी संसद रत्न का सम्मान दिया जायेगा. इसके अलावा स्टैंडिंग कमेटी में फाइनांस कमेटी के चेयरमैन और झारखंड से हजारीबाग के भाजपा सांसद जयंत सिन्हा और ट्रांस्पोर्ट टूरिज्म व कल्चर कमेटी के राज्यसभा कमेटी के चेयरमैन वाइएसआर कांग्रेस के सांसद वी विजयसाई रेड्डी जबकि डॉ एपीजे अब्दुल कलाम लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड राज्यसभा के पूर्व सांसद और वरिष्ठ सीपीआइएम नेता टीके रंगराजन को सम्मानित किया गा है.











