जमशेदपुर : जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी के बिष्टुपुर परिसर में मंगलवार को अन्तरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस का आयोजन हुआ. इसमें मुख्य रूप से कुलपति डॉ अजिला गुप्ता के साथ डीन डॉ किश्वर आरा, डॉ सुधीर कुमार साहू मंच पर उपस्थित थे. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर कुलपति डॉ अंजिला गुप्ता ने मातृभाषा दिवस के महत्व की चर्चा की. उन्होंने बताया कि यूनेस्को ने दुनिया भर की भाषाओं और संस्कृतिय़ों को सम्मान देने के लिए अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस की पहल की. यह हमें मातृभाषा के संरक्षण के प्रति जागरूक करता है. भारतीय संस्कृति बहुत विशाल है और उतनी ही विशाल है हमारी मातृभाषाओं की शृंखला. प्रारंभ मे यहाँ गुरुकुल की परम्परा थी और मातृभाषा भी गुरु की गोद में पलती-बढ़ती थी. ब्रिटिश काल में यहां की संस्कृति को समाप्त करने के लिए मातृभाषा पर प्रहार किये गये. विविध संस्कृति से सजी हमारी भारत भूमि का सही प्रतिबिंब विविध मातृभाषाओं में मिलता है, किंतु दुर्भाग्य से अनेक मातृभाषाएं समाप्त हो चुकी हैं और कुछ समाप्ति के कगार पर हैं. यदि हम भारतीय संस्कृति को वर्षों तक विविध रंगों वाला बनाए रखना चाहते हैं तो हमें अपनी सभी मातृभाषाओं का संरक्षण करना होगा.(नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम के दूसरे चरण में सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन हुआ. कार्यक्रम में मुख्य रूप से कार्यक्रम समन्वयक डॉ पुष्पा कुमारी, डॉ रिजवाना परवीन, अमृता कुमारी, डॉ ग्लोरिया पुर्ती, डॉ सोनाली, डॉ संजय भुइयां, शिक्षा संकाय के शिक्षक ,शिक्षकेतर कर्मी एवं छात्राएं उपस्थित रहे.












