जमशेदपुर : उलीडीह थाना क्षेत्र के रामनगर रोड नंबर एक स्थित स्वर्णरेखा नदी से 8 अगस्त को 16 वर्षीया मीनाक्षी कुमारी पांडेय का शव बरामद होने के मामले में परिजनों ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है. मीनाक्षी काशीडीह हाई स्कूल की 10वीं कक्षा की छात्रा थी. वह 7 अगस्त की सुबह 8:00 बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस घर नहीं लौटी. मृतका के पिता संतोष कुमार पांडेय ने गोलमुरी थाना में केबुल टाउन निवासी आदर्श और सीतारामडेरा शिव मंदिर के पास रहनेवाले विक्की के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है. आरोप है कि इन लोगों ने मीनाक्षी की हत्या कर शव को स्वर्णरेखा नदी में फेंक दिया. (नीचे भी पढ़ें)
संतोष पांडेय के अनुसार, 8 अगस्त को नदी में एक लड़की का शव देखा गया था, लेकिन पहचान नहीं हो सकी थी. अगले दिन, 9 अगस्त की शाम, परिवार ने शव की पहचान मीनाक्षी के रूप में की. पिता ने बताया कि हत्या के बाद बेटी का स्कूल बैग और मोबाइल फोन अभी तक नहीं मिला है. परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा है कि मीनाक्षी के लापता होने की सूचना समय पर देने के बावजूद त्वरित कार्रवाई नहीं हुई. उनका मानना है कि यदि पुलिस सक्रिय होती, तो शायद यह घटना टल सकती थी. उधर पुलिस ने हत्या का सबूत मिटाने की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी चल रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा इधर पुलिस ने रविवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है.











