जमशेदपुर : आजादनगर थाना क्षेत्र में एक युवती को लगातार पीछा कर परेशान किये जाने एवं जान से मारने की धमकी दिये जाने का मामला सामने आया है. युवती की शिकायत पर पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू करते हुए दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार, पहले आरोपी का नाम अजमल हुसैन है, जो कपाली थाना क्षेत्र के ताजनगर का रहने वाला है. दूसरा आरोपी अजमल का करीबी दोस्त बताया जा रहा है, जिसकी पहचान पुलिस कर रही है. युवती ने अपनी शिकायत में बताया है कि पिछले करीब पांच महीनों से उसे लगातार परेशान किया जा रहा था. आरोपी उसे रास्ते में रोकते, पीछा करते और जान से मारने की धमकी देते थे, इस कारण वह मानसिक रूप से काफी परेशान हो चुकी थी. (नीचे भी पढ़ें)
पीड़िता ने बताया कि अजमल से उसकी पहले अच्छी दोस्ती थी. दोनों के बीच बातचीत होती थी और परिवार को भी इसकी जानकारी थी. बाद में जब परिवार के लोगों को अजमल की असलियत और व्यवहार के बारे में पता चला तो शादी की बात को तोड़ दिया गया. इसी के बाद से अजमल का रवैया पूरी तरह बदल गया. उसने युवती को डराना-धमकाना शुरू कर दिया और उसके साथ उसका एक दोस्त भी शामिल हो गया. (नीचे भी पढ़ें)
लगातार उत्पीड़न से तंग आकर युवती और उसके परिजनों ने आखिरकार आजादनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है. थाना प्रभारी ने बताया कि युवती के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और दोनों आरोपियों का पता लगाया जा रहा है. जांच के बाद साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का कहना है कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, धमकी या पीछा करने जैसे मामलों को हल्के में नहीं लिया जाएगा. पीड़िता की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.











