जमशेदपुर: जमशेदपुर की प्रसिद्ध चित्रकार मुक्ता गुप्ता की संस्था अन्विति के तत्वावधान में गुरुवार को वन विभाग के गेस्ट हाउस प्रांगण में चार दिनों तक चलने वाले नेशनल आर्ट कैंप की शुरुआत हुई. आर्ट कैंप की शुरुआत क्षेत्रीय मुख्य वन संरक्षक (आरसीसीएफ) स्मिता पंकज ने की. मुख्य अतिथि स्मिता पंकज ने अपने भाषण में इस आर्ट कैंप की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजन जमशेदपुर में होते रहने चाहिए. उन्होंने कहा कि कला को प्रोत्साहित करने के लिए वन विभाग हरसंभव मदद देने को तैयार है. उन्होंने कलाकारों का आह्वान किया कि वे अपने कैनवास पर प्रकृति को उतारें, दलमा को उतारें, लोगों को इसके बारे में अच्छी जानकारियां दें. (नीचे भी पढ़ें)

स्मिता पंकज ने कहा कि कला-संस्कृति को बढ़ावा देने में वन विभाग कभी पीछे नहीं रहेगा. इतने कलाकारों को, जो देश भर से आए हैं, उन्हें देख कर काफी अच्छा लग रहा है. इसके पूर्व क्षेत्रीय मुख्य वन संरक्षक (आरसीसीएफ) और अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की. जमशेदपुर के डीएफओ सबा आलम अंसारी, अन्विति की अध्यक्षा मुक्ता गुप्ता, जेआरजीके बैंक के रीजनल मैनेजर श्रीकांत कतारे, दयाल बिल्डर्स के सुंदर पाल, वरीय समाजसेवी पूर्वी घोष आदि मंचासीन थे. (नीचे भी पढ़ें)
इस कैंप में भोपाल के अर. अखिलेश, रांची के रामानुज शेखर, जमशेदपुर के जॉयदेव चटर्जी, बिप्लब रॉय, दिल्ली के ओंकार सिंह, जमशेदपुर के अशोक कुमार मइती, कृष्णा महतो, असम के कौशलश कुमार, जमशेदपुर के पब्लिक विश्वास, बक्सर के नरेंद्र कुमार, कलाबुर्गी के डॉ. मल्लिकार्जुन बगोडी, जमशेदपुर के अनूप सिन्हा, कोलकाता के संजय मजूमदार, रांची के दिपांकर कर्मकार, बोकारो के रंजीत कुमार, जमशेदपुर के एच. पी. मुखी, लालोन दत्ता, तपोन रॉय, विषेन्द्र नारायण सिंह, सहारनपुर के प्रशांत त्रिपाठी, मुजफ्फरपुर के चंदन कुमार और कोलकाता के अल्बर्ट अशोक मौजूद रहे. इन सभी कलाकारों का स्मिता पंकज, पूर्वी घोष, मुक्ता गुप्ता, श्रीकांत कतारे आदि ने शॉल और पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया.














