
जमशेदपुर : जुगसलाई के एमई स्कूल रोड व बागबेड़ा की नया बस्ती को जोड़नेवाली पुलिया का निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा है. पुलिया का निर्माण कार्य पूरा नहीं होने के कारण दोनों क्षेत्र के लोग दो हिस्सों में बंट गये हैं. इस मार्ग पर आवागमन अवरुद्ध है. नयी पुलिया के निर्माण के लिए करीब दो-ढाई महीने पूर्व संवेदक द्वारा पुरानी पुलिया को तोड़ दिया गया था. उसके बाद पुलिया का निर्माण शुरू कराया गया, लेकिन निर्माण कार्य बीच में ही अवरुद्ध हो गया. स्थानीय लोगों की मानें, तो पुलिया का निर्माण पूरा नहीं होने की वजह से उन्हें काफी परेशानी होती है. दोनों ही क्षेत्र के लोग परेशान हैं. यहां पुरानी पुलिया को तोड़ने से पहले अस्थायी व्यवस्था के तौर पर डायवर्सन का भी निर्माण नहीं किया गया है. वाहनों का इस पार से उस पार जाना तो एकदम ठप है. यह भी लोगों की परेशानी का एक बड़ा कारण है. ऐसे में लोगों को घूम कर दूसरे मार्ग से गंतव्य तक जाना पड़ता है. इस कारण उन्हें लंबी दूरी तय करनी पड़ती है. पुलिया के अभाव में दुकानदारों को भी सामान लाने अथवा कहीं पहुंचाने में काफी परेशानी होती है. पुलिया को लेकर अब स्थानीय लोगों में असंतोष उत्पन्न होने लगा है. लोगों ने बताया कि यदि संवेदक द्वारा जल्द पुलिया का निर्माण नहीं किया जाता है, अब वे इसके लिए आवाज उठाने को विवश होंगे.







