जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई थाना अंतर्गत गौशाला नाला रोड स्थित राजकुमारी अपार्टमेंट के पहले तल्ले में रहने वाली 70 वर्षीय शुभ्रा राय के अपनी ही पुत्री द्वारा प्रताड़ित किए जाने के मामले में जुगसलाई थाना की पुलिस ने बेटी के खिलाफ हत्या का प्रयास (हाफ मर्डर) का मामला दर्ज करा दिया है. इस मामले में कभी भी उनकी बेटी की गिरफ्तारी हो सकती है. बताया जाता है कि इस मामले में पुलिस ने शिकायत को लेकर संज्ञान लेते हुए पदाधिकारी को जांच के लिए फ्लैट में भेजा और सारे मामले की तफ्तीश की. इसके बाद एफआइआर दायर कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. इस अमानवीय मामले का खुलासा तब हुआ जब बुजुर्ग महिला को जख्मी हालत में पड़ोसियों द्वारा इलाज हेतु जमशेदपुर के सरकारी अस्पताल एमजीएम अस्पताल लाया गया. बताया गया कि महिला की दो पुत्रियां हैं. पति की मौत हो चुकी है. (नीचे भी पढ़ेंं)
पति के देहांत के बाद महिला अकेले घर पर रह रही थी. एक पुत्री का विवाह अमेरिका में हुआ है जबकि दूसरी पुत्री परोमिता रॉय की दोबारा शादी होने के बाद तलाक हो जाने के कारण वह अपनी मां के साथ फ्लैट में रह रही थी कि जहां पुत्री परोमिता रॉय द्वारा मां को बेवजह प्रताड़ित किया जा रहा था. लोक लाज और समाज के डर से शुभ्रा ने कभी इसकी शिकायत किसी से नहीं की. गुरुवार सुबह पुत्री काम पर जाने के दौरान अपने कमरे को बंद करने लगी. जहां उनके द्वारा कमरा न बंद करने के लिए पुत्री को कहा गया क्योंकि उनका सारा सामान कमरे में पड़ा है. इतना बोलते ही पारोमिता ने ताले से अपनी मां पर हमला कर दिया, जिससे बुजुर्ग महिला घायल हो गई. इतना ही नहीं बेरहम बेटी मां को घायल अवस्था में ही छोड़कर फरार हो गई. इसकी जानकारी मिलने पर सोसाइटी के लोग घायल शुभ्रा रॉय को लेकर एमजीएम अस्पताल पहुंचे जहां महिला का इलाज कराया और इसकी जानकारी थाने को दी.




