जमशेदपुर: जमशेदपुर के सिदगोड़ा में पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है. खालसा क्लब के पास बुधवार देर रात छापेमारी कर पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया, जिसके पास से करीब 4 किलो गांजा बरामद किया गया. जब्त किए गए गांजे की कीमत लगभग दो लाख रुपये आंकी जा रही है. पकड़े गए आरोपी की पहचान बागबेड़ा निवासी मनीष मुखी उर्फ बिट्टू मुखी के रूप में हुई है. (नीचे भी पढ़े)

सिटी एसपी ललित मीणा ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया.गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन टाइगर मोबाइल के जवान तबरेज ने तत्परता दिखाते हुए उसे काबू में कर लिया. इस दौरान हुए संघर्ष में जवान तबरेज को हल्की चोटें भी आईं. पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रहा है. फिलहाल उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और पुलिस इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है. साथ ही बहादुरी दिखाने वाले जवान को सम्मानित करने की भी बात कही है.











