जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी और जानलेवा हमले के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में बिष्टुपुर धातकीडीह हरिजन बस्ती निवासी जफर खान (32), आरोपी मो दिलरेज खान और जिशान अंसारी शामिल है. इसके पास से चोरी के 10 लाख के आभूषण सहित चापड़ बरामद किया गया है.(नीचे भी पढ़े)
पहला मामला कदमा थाना क्षेत्र का है जहां तीन सितंबर की शाम न्यू टीसी कॉलोनी रोड नंबर-2 में महुआ सिन्हा के बंद घर में घुसकर अज्ञात चोरों ने कांसा और पीतल के बर्तन के साथ चांदी के सिक्के चोरी कर लिए थे. सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 11 सितंबर को मो जफर खान को गिरफ्तार किया. उसकी निशानदेही पर फार्म एरिया रोड नंबर-2 स्थित एक जर्जर खाली क्वार्टर से चोरी का सामान बरामद किया गया. पुलिस के अनुसार, बरामद सामान में कांसा और पीतल के कई बर्तन के अलावा सोने का हार, मांगटीका, कान के टॉप, नथ तथा चांदी की थाली, गिलास, कटोरा, बेरा और अंगूठियां शामिल हैं. बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब दस लाख रुपये बताई गई है. जांच के दौरान साकची थाना क्षेत्र में हुई चोरी से जुड़े सोने-चांदी के जेवर भी बरामद किए गए हैं..(नीचे भी पढ़े)
वहीं, दूसरा मामला कदमा थाना क्षेत्र का ही है जहां 10 सितंबर की रात करीब साढ़े नौ बजे शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-2 में कुछ युवकों ने मो कैफ नामक युवक के सिर पर चापड़ से हमला कर दिया था और मौके से फरार हो गए थे. घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया. एसआईटी ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मो दिलरेज खान और जिशान अंसारी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल खून लगा स्टील का चापड़ भी बरामद किया है. मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है




