जमशेदपुर : जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ओल्ड पुरुलिया रोड में दहशत फैलाने वाले दो अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें गंगौर स्वीट्स तक पैदल मार्च कराया. इस गिरफ्तारी के संबंध में जानकारी देते हुए सिटी एसपी कुमार शिवाशिष ने प्रेस वार्ता में बताया कि 1 अप्रैल की रात करीब 10 बज कर 15 मिनट में सूचना मिली थी कि गंगौर स्वीट्स के सामने शेख सारिक ईमाम उर्फ आयान अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर रहा है. जब स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया, तो लोगों को डराने और इलाके में भय कायम करने के उद्देश्य से उसने देशी कट्टा लहराया और अपने दोस्त सलमान के साथ बाइक पर सवार होकर फरार हो गया. इस घटना के बाद पुलिस ने तत्काल आजादनगर थाना में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की. (नीचे भी पढे़ं)

सिटी एसपी ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर डीएसपी पटमदा बच्चनदेव कुजूर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था. गठित टीम ने लगातार छापेमारी की और 2 अप्रैल की शाम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि दोनों आरोपी शहर छोड़कर भागने की फिराक में हैं. इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर 15 (कपाली लिंक रोड) के पास घेराबंदी की और अभियुक्त शेख सारिक ईमाम उर्फ आयान तथा उसके साथी मो. सलमान को विधिवत गिरफ्तार कर लिया.तलाशी के दौरान मुख्य अभियुक्त शेख सारिक ईमाम के पास से एक देशी कट्टा बरामद हुआ, जबकि सलमान के पास से पुलिस ने 8 एमएम की एक जिंदा गोली जब्त की है. पुलिस ने इस मामले में आर्म्स एक्ट के तहत नया कांड दर्ज किया है. (नीचे भी पढ़ें)

पूछताछ में पता चला कि शेख सारिक ईमाम का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी कई गंभीर मामलों में संलिप्त रहा है. इसी साल जनवरी में भी उसके खिलाफ मारपीट और साजिश रचने का मामला दर्ज हुआ था.सिटी एसपी ने बताया कि आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. इस सफल अभियान में डीएसपी बच्चनदेव कुजूर के साथ आजादनगर थाना प्रभारी चंदन कुमार, सब-इंस्पेक्टर पवन कुमार, मनीष कुमार, श्रीकांत कुमार और अन्य पुलिस बल की सराहनीय भूमिका रही. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर की शांति व्यवस्था भंग करने वाले अपराधियों के खिलाफ इसी तरह की कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी.














