जमशेदपुर: जमशेदपुर के जुगसलाई में अवैध हथियार के साथ पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. वहीं उसके पास से पिस्तल, मैगजीन सहित स्प्रिंग, गोली का अग्रभाग, क्षतिग्रस्त गोली, कांटी, एक्सट्रैक्टर का टूटा हुआ पार्ट, दो हथोड़ी, एक टूथब्रश, पाना, रेती, स्पोक बरामद किया गया. वहीं गिरफ्तार में आये आरोपी का नाम मो खालिक (35) है, जो बिहार दरभंगा का रहने वाला है. वहीं इस कांड में अन्य दो साथी मो समर और मो अफरोज की तलाशी जारी है. इस संदर्भ में सिटी एसपी शिवाशीष ने बताया कि मो खालिक को जुगसलाई के ईदगाह मैदान के पास स्थित चुनासाह कॉलोनी से गिरफ्तार किया गया है. (नीचे भी पढे़ं)

ये तीन लोगों की गैंग है, जो अवैध तरीके से हथियार खरीदकर जुगसलाई लाते थे और उसे जमशेदपुर और आसपास के जिलों में बेचते थे. ये सभी मुंगेर से हथियार लाकर उसे विभिन्न क्षेत्रों में स्पलाई करने का व्यवसाय करते थे. वहीं ये लोग हथियार मरम्मती का काम भी करते थे. इसके लिए वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर जुगसलाई थाना प्रभारी के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया और अभियुक्त को 20 मई की रात 10.30 बजे के आसपास संदिग्ध अवस्था में पीले रंग के झोला के साथ गिरफ्तार किया गया. फिलहाल मो खालिक को बुधवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.











