जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस को चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने चोरी की दो मोटरसाइकिल के साथ एक युवक को गिरफ्तार कर वाहन चोर गिरोह पर शिकंजा कसने की दिशा में अहम कदम उठाया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान जमशेदपुर के मानगो निवासी जुनैद फिरोज (उम्र करीब 25 वर्ष) के रूप में हुई है. इस संबंध में कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि नियमित गश्ती के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत हिम्मतनगर तैलंगी तालाब के पास एक युवक घर में घुसकर चोरी करने का प्रयास कर रहा है. सूचना पर स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस को इसकी जानकारी दी. सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर ओपी लाया गया. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर कपाली और आसपास के इलाकों में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद की है. वहीं, आरोपी के फरार साथी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का दावा है कि फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा. इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोरों में हड़कंप मच गया है.






