जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो में मोहम्मद करीम के घर पर छत पर पड़े सामान की चोरी कर ली गई थी. इस मामले में पुलिस ने शनिवार को प्राथमिकी दर्ज कर जमशेदपुर एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर मामले की तहकीकात शुरू की तो पता चला कि चोरी की घटना मानगो थाना क्षेत्र के आजाद नगर क्रॉस रोड नंबर 4 के रहने वाले समीर आलम उर्फ कल्लू ने अंजाम दी है. इसके बाद पुलिस ने छापामारी कर समीर आलम उर्फ कल्लू को गिरफ्तार किया. पूछताछ में उसने अपने एक साथी आजादनगर रोड नंबर 7 के रहने वाले शाहरुख अंसारी का नाम बताया. पुलिस ने शाहरुख अंसारी को भी गिरफ्तार किया तो उन्होंने बताया कि चोरी का माल सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के ह्यूम पाइप भुइयांडीह इंदिरा नगर के रहने वाले सूरज गुप्ता की दुकान पर बेचा है. इसके बाद पुलिस ने सूरज गुप्ता को गिरफ्तार किया और वहां से चोरी का सामान बरामद कर लिया है. इन सामानों में लोहे का दो पीस ग्रिल, एक एंगल, सिलाई मशीन का पैडल, लोहे का चक्का, धुरमुस, दो पीस सब्बल, लोहे की छड़ आदि शामिल है. पुलिस ने लिखा पढ़ी कर शनिवार को तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया है.











