जमशेदपुर: जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र के जुबिली पार्क रोड स्थित रौनक फूड कॉर्नर के सामने महिला से हुई चेन छिनतई मामले का पुलिस ने उद्भेदन करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में सीतारामडेरा भालूबासा गौड़ बस्ती का राहुल गोप उर्फ बल्ले (30) और आमीर सरफराज (26) शामिल है. उनके पास से छीना गया सिटी गोल्ड का चेन और घटना में प्रयुक्त हीरो मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है. सिटी एसपी ने गुरुवार को मामले का उद्भेदन किया. (नीचे भी पढ़ें)
जानकारी के अनुसार, 31 जुलाई की रात वादी सूरज दास की मां चंदना दास से अज्ञात अपराधियों ने चेन छिनतई की थी. इस संबंध में साकची थाना में 1 अगस्त 2026 को को मामला दर्ज किया गया था. वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देशन तथा नगर डीएसपी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया. टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर राहुल गोप उर्फ बल्ले (30) और आमीर सरफराज (26) को गिरफ्तार किया. (नीचे भी पढ़ें)

पुलिस ने राहुल गोप के पास से छीना गया सिटी गोल्ड का चेन तथा आमीर सरफराज के घर से घटना में प्रयुक्त हीरो मोटरसाइकिल (जेएच05सीवी-6640) बरामद की. पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी राहुल गोप उर्फ बल्ले के खिलाफ सीतारामडेरा, गोलमुरी, आजादनगर और एमजीएम थानों में रंगदारी, लूट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन मामले दर्ज हैं. वहीं आमीर सरफराज के खिलाफ साकची और सोनारी थाना में लूट के दो मामले पहले से दर्ज हैं. फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.




