जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के जवाहर नगर रोड नंबर-15 स्थित ब्रह्म पथ के पास लड़की से हुई मोबाइल छिनतई के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान कपाली ओपी क्षेत्र के गौस नगर, बेल चौक निवासी 26 वर्षीय कलामुद्दीन उर्फ कलाम के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 2:35 बजे मोटरसाइकिल सवार आरोपी ने एक लड़की का मोबाइल छीन कर फरार हो गया था. घटना के संबंध में मानगो थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी. जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान की गई. (नीचे भी पढ़ें)

वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक ऋषभ त्रिवेदी के नेतृत्व में गठित टीम ने सूचना के आधार पर छापामारी कर कलामुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर छिनतई किया गया रोज गोल्ड रंग का एंड्रॉयड मोबाइल फोन, घटना में इस्तेमाल बाइक और घटना के समय आरोपी द्वारा पहनी गई हल्के क्रीम रंग की फुल शर्ट भी बरामद कर ली है. बताते चलें कि मामले में गिरफ्तार आरोपी कलामुद्दीन का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है, उसके खिलाफ साकची थाना में वर्ष 2019 का एक तथा आजादनगर थाना में वर्ष 2025 के दो मामले दर्ज हैं. जांच दल में एएसपी ऋषभ त्रिवेदी एवं मानगो थाना के प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र कुमार के साथ थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी व जवान शामिल थे.




