जमशेदपुर : आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और पुलिस-पब्लिक समन्वय को मजबूत करने के उद्देश्य से जमशेदपुर पुलिस लगातार लोकहितकारी पहल कर रही है. एक जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक जिले के सभी थाना क्षेत्रों से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, पुलिस ने शिकायतों के निष्पादन, विवादों के समाधान और सत्यापन कार्यों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है. जमशेदपुर पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, विभिन्न माध्यमों से थाना स्तर पर प्राप्त 1,883 शिकायतों में से 1,634 का निष्पादन किया गया. वहीं, पुलिस-पब्लिक संवाद को मजबूत करने के लिए जिले में 182 कम्युनिटी पुलिसिंग कार्यक्रम आयोजित किए गए. (नीचे भी पढ़ें)
घरेलू और भूमि विवादों के समाधान पर जोर : भूमि विवादों से संबंधित मामलों में पुलिस-पब्लिक समन्वय के तहत 148 बैठकें आयोजित की गईं. इनमें 108 सुनवाई योग्य मामलों को लिया गया. इसी तरह, घरेलू विवादों से संबंधित थाना स्तर पर प्राप्त 661 शिकायतों में से 588 मामलों का समाधान किया गया. सत्यापन के 7,048 आवेदनों में 6,997 का निष्पादन : जमशेदपुर पुलिस ने जॉब वेरिफिकेशन पासपोर्ट वेरिफेकेशन और चरित्र सत्यापन के कार्यों में भी बेहतर प्रदर्शन किया है. इस अवधि में कुल 7,048 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 6,997 का निष्पादन किया गया. इस तरह सत्यापन कार्य में लगभग 99.3 प्रतिशत निष्पादन दर्ज किया गया. इसके अलावा, मुलाकाती-पत्र के माध्यम से प्राप्त 278 मामलों में से 204 मामलों में थाना स्तर से कार्रवाई की गई. (नीचे भी पढ़ें)
थाना स्तर पर शिकायतों की नियमित समीक्षा : जमशेदपुर पुलिस की ओर से बताया गया कि थाना स्तर पर प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा और निगरानी की जा रही है. सामुदायिक पुलिसिंग, शिकायतों के त्वरित निष्पादन, भूमि एवं घरेलू विवादों के समाधान तथा सत्यापन संबंधी कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
जमशेदपुर के एसएसपी डॉ ऐहतेशाम वकारिब के निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए शिकायतों का समयबद्ध और निष्पक्ष निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है. पुलिस का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनना और कानूनी प्रावधानों के अनुरूप उनका त्वरित एवं प्रभावी समाधान करना है.




