जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो ट्रांसपोर्ट नगर पार्किंग परिसर में जमशेदपुर ट्रक एवं ट्रेलर ओनर्स एसोसिएशन की ओर से इस वर्ष भी भव्य श्रीश्री विश्वकर्मा पूजा का आयोजन किया जाएगा. पूजा को लेकर मंगलवार को संगठन के कार्यालय परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अध्यक्ष जसवीर सिंह एवं महामंत्री मनीष सिंह ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम की जानकारी दी. अध्यक्ष जसवीर सिंह एवं महामंत्री मनीष सिंह ने बताया कि 17 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे विधि-विधान के साथ भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना शुरू होगी. दोपहर 1 बजे श्रद्धालुओं के बीच भोग का वितरण किया जाएगा. इसके बाद शाम 7 बजे से अखंड रामायण पाठ का आयोजन होगा, जो 18 सितंबर की शाम तक चलेगा. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने बताया कि 19 सितंबर को शाम 7 बजे से भव्य भक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. इसमें सुप्रसिद्ध भक्ति संगीत गायिका शहनाज अख्तर अपनी प्रस्तुति देंगी. कार्यक्रम में भगवान विश्वकर्मा के भक्तों के साथ शहरवासियों से भी बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की गई है. इस दौरान श्रद्धालुओं के बीच भोग का वितरण भी किया जाएगा. वहीं, 20 सितंबर 2026 को दोपहर 3 बजे कार्यालय परिसर से आकर्षक झांकी के साथ भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा को विसर्जन के लिए ले जाया जाएगा. संगठन की ओर से बताया गया कि स्वर्णरेखा नदी में विधि-विधान के साथ प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा. संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी विश्वकर्मा पूजा को श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया जा रहा है. पूजा एवं भक्ति कार्यक्रम को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं. उन्होंने शहरवासियों से कार्यक्रम में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की. प्रेस कॉन्फ्रेंस में संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य भी उपस्थित थे.




