जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र के बंगाल क्लब रोड पर अभिषेक जुबली चाय दुकान के पास हुई फायरिंग मामले का पुलिस ने सोमवार को खुलासा कर दिया है. इस मामले में गोलमुरी के टुइलाडुंगरी निवासी विपिन शुक्ला (28) को सीतारामडेरा बस स्टैंड जाने के क्रम में हाथीघोड़ा मंदिर के पास उसे दबोचा गया. वहीं पुलिस ने उसके पास से अवैध देसी पिस्तौल और एक मैगजीन बरामद किया. घटना 19 जून की रात करीब 10 बजे हुई थी, जब एक अज्ञात व्यक्ति ने इलाके में फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की थी. (नीचे भी पढ़ें)
घटनास्थल से पुलिस ने 7.65 एमएम का एक खोखा भी बरामद किया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में तथा नगर डीएसपी की निगरानी में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त अपराधी की पहचान कर ली और गुप्त सूचना के आधार पर 21 जून को आरोपी विपिन शुक्ला (28) को गिरफ्तार कर लिया. (नीचे भी पढ़ें)

गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने स्वर्णरेखा नदी किनारे झाड़ियों से घटना में प्रयुक्त एक अवैध देसी पिस्तौल और एक मैगजीन बरामद की. पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने बंगाल क्लब रोड के दुकानदारों को डराने-धमकाने और रंगदारी वसूलने के उद्देश्य से फायरिंग की थी. फिलहाल इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया.







