
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना अंतर्गत रूपनगर में रोहित पासवान की हत्या करने के मामले में पुलिस ने विशाल दत्ता, करण दत्ता और सूरज बागती उर्फ खेडू को गिरफ्तार किया है. इनके खिलाफ कारू पासवान के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी. पुलिस जब इन्हें नदी से पकड़ने गई तो सभी ने नदी में छलांग लगा दी. पुलिस ने किसी तरह सभी को समझा बुझाकर नदी से बाहर आने को कहा और बाहर आने के बाद सभी को थाने ले गई. दरअसल पुलिस को सूचना मिली थी कि सभी नदी में मछली पकड़ने गए है. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची, जैसे ही विशाल ने पुलिस को देखा उसने करण और खेड़ू को भी सचेत किया जिसके बाद सभी ने नदी में छलांग लगा दी और तैरते हुए नदी के उस पार जाने लगे. इसी बीच पुलिस भी पुल पार कर नदी के उस पार पहुंची और सभी को समझाने का प्रयास किया. थोड़ी देर बाद सभी तैरते हुए किनारे आ पहुंचे. फिलहाल पुलिस सभी से थाने में पूछताछ कर रही है. बता दे कि मंगलवार रात को मृतक रोहित पासवान अपने साथियों के साथ शंभू की हत्या करने के उद्देश्य से उसके घर के बाहर पहुंचा था. वहां पहुंचने पर सभी ने शंभू के घर के बाहर हवाई फायरिंग की जिसमे एक गोली शंभू की पत्नी प्रमिला के हाथ में लगी. इसी बीच शंभू ने अपने साथियों के साथ मिलकर रोहित को पकड़कर उसकी हत्या कर दी थी. इस मामले में दोनो पक्ष ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी जिसमे पुलिस ने दोनो पक्ष से छह लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था जिसमे एक पक्ष से सियाल गिरोह के रौशन महतो, सोनू सिंह उर्फ सियाल, विश्वनाथ गोराई और राज सिंह उर्फ दाना शामिल थे जबकि दूसरे पक्ष से सुमित पोद्दार उर्फ सुमित बनिया और शंभू सिंह सरदार शामिल थे.





