जमशेदपुर : मानगो के बावनगोड़ा के गायब छात्र का शव एमजीएम थाना क्षेत्र के बड़ाबांकी में बरामद होने के बाद उसके परिजनों ने आजादनगर थाने का घेराव कर दिया. परिजनों ने इस मामले में लापरवाही बरते जाने का आरोप लगाते हुए युवक के हत्यारों की गिरफ्तारी होने के बाद ही घेराव हटाने की बात कही है. (नीचे भी पढ़ें)

बता दें कि मानगो के आजादनगर थानांतर्गत बावनगोड़ा निवासी छात्र संजय सोरेन विगत 19 अक्टूबर से ही गायब था. उसके परिजनों ने आजादनगर थाना में इसकी शिकायत दर्ज कराते हुए छात्र का पता लगाने की गुहार लगाई थी, किन्तु पुलिस उसे नहीं ढूंढ़ पायी. अब गुरुवार की सुबह एमजीएम थाना क्षेत्र के बड़ाबांकी में उसका शव बरामद हुआ.(नीचे भी पढ़ें)
परिजनों का आरोप है कि आजादनगर थाना पुलिस ने इस मामले में लापरवाही बरती है, वरना संजय आज जिंदा होता. संजय सोरेन की स्कूटी 19 दिसंबर को ही मिल गई थी. अब गुरुवार सुबह संजय की लाश मिलने के बाद उसके परिजनों ने बवाल शुरू कर दिया है. (नीचे भी पढ़ें)
परिजन छात्र संजय सोरेन के शव के साथ आजादनगर थाने का घेराव कर रहे हैं. उनकी मांग है कि पुलिस उसके हत्यारों को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार करे तभी वे घेराव खत्म करेंगे. उधर उनके घेराव के कारण ओल्ड पुरुलिया रोड में जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई है. प्रशासन ने हालात पर काबू पाने के लिए क्यूआरटी को बुला लिया है. मृतक के भाई जयराम सोरेन का कहना है पुलिस उलटे उन्हीं से पूछताछ कर रही है. पुलिस हत्यारों का पता लगाकर 24 घंटे के अंदर उन्हें गिरफ्तार करे तभी घेराव खत्म होगा.



