जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना अंतर्गत टेल्कॉन गेट के पास बुधवार को सड़क हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर धरना देकर विरोध जताया. बताया जाता है कि सड़क किनारे खड़ी एक गाड़ी से एक युवक टकरा गया, जिससे वह घायल हो गया. हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से वाहनों की पार्किंग को लेकर नाराजगी जताई. लोगों का कहना था कि टेल्कॉन गेट के आसपास सड़क किनारे अक्सर वाहन खड़े कर दिए जाते हैं. (नीचे भी पढ़ें)

इससे सड़क पर आवागमन प्रभावित होता है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. लोगों ने सड़क पर धरना देकर प्रशासन से वाहनों की अनियंत्रित पार्किंग पर रोक लगाने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की. धरने की सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने लोगों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया और स्थिति को नियंत्रित करते हुए यातायात व्यवस्था सामान्य कराने की पहल की. घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. पुलिस ने लोगों से सड़क पर वाहनों की पार्किंग नहीं करने की अपील की. हादसे के बाद काफी देर तक मौके पर लोगों की भीड़ लगी रही.




