जमशेदपुर : पश्चिम हलुदबनी ग्रामपंचायत क्षेत्र के ग्रामीणों के कई बार विरोध प्रदर्शन के पश्चात गुरुवार को प्रशासन की ओर से पंचायत भवन निर्माण का कार्य आरंभ करने की कवायद शुरू हो गई. इसके तहत आज अंचलाधिकारी मनोज कुमार एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी सुमित कुमार भारी संख्या में पुलिस बल एवं सुरक्षा कर्मियों के साथ निर्माण स्थल पहुंचे एवं उनकी उपस्थिति में जेसीबी मशीन से पूरे स्थल की साफ-सफाई कराई गई तथा भूमि को समतल किया गया, ताकि पंचायत भवन निर्माण कार्य का रास्ता साफ हो सके. (नीचे भी पढ़ें)

बता दें कि पंचायत भवन निर्माण का शिलान्यास हो जाने के बाद भी उसका निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया था. इसको लेकर ग्रामीणों ने कई बार विरोध प्रदर्शन किया था, जिसके बाद गुरुवार को प्रशासन की ओर से पंचायत भवन निर्माण कार्य आरंभ करने की पहल की गई है. मौके पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे. प्रशासन ने निर्माण कार्य को सुचारू रूप से शुरू कराने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कीं. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर पंचायत की मुखिया सुमन सिरका, ब्लॉक प्रमुख पानी सोरेन, ग्राम प्रधान सागेन हांसदा, आरती करुआ समेत कई जन प्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे. प्रशासन को उम्मीद है कि पंचायत भवन निर्माण कार्य अब जल्द ही शुरू हो जाएगा एवं उसे निर्धारित समय में पूरा भी करा लिया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
पश्चिम हलुदबनी पंचायत भवन निर्माण को लेकर लंबे समय से जारी गतिरोध के बीच प्रशासन की यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है. अब देखना होगा कि निर्माण कार्य बिना किसी बाधा के आगे बढ़ पाता है या नहीं.







