जमशेदपुर : पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न राजीव गांधी की 79वी जयंती पर पूर्वी सिंहभूम जिले में विभिन्न संगठनों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव अखिलेश मुखी के नेतृत्व में टिनप्लेट 10 नंबर बस्ती सामुदायिक भवन में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन हुआ, जिसमें कार्यकर्ताओं ने स्व राजीव गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. इस आयोजन में मुख्य रूप से झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह झारखंड इंटक के कोषाध्यक्ष संजीव श्रीवास्तव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे. (नीचे भी पढ़ें)

सभा को संबोधित करते हुए संजीव श्रीवास्तव ने कहा कि मतदान की उम्र 18 वर्ष करना हो या फिर गांवों के लिए पंचायती राज व्यवस्था, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी जी ने लोकतंत्र को मजबूती देने का ऐतिहासिक कार्य किया. उन्होंने स्व राजीव गांधी को सूचना क्रांति के प्रवर्तक पुरोधा के रूप में याद करते हुए उनको नमन किया. इस कार्यक्रम में श्रीनाथ मुखी, अखिलेश मुखी, बिट्टू मुखी, उत्तम मुखी, ऋषभ श्रीवास्तव, सौरभ राज, अजय पाल, अभिजीत बोस, रवींद्र सिंह, पीटर, लखविंदर सिंह, सतनाम सिंह आदि अनेक लोग उपस्थित रहे.(नीचे भी पढ़ें)

वहीं जुगसलाई बिष्टुपुर प्रखंड कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अभिजीत सिंह के नेतृत्व में जुगसलाई स्टेशन रोड, पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव राजा सिंह राजपूत की ओर से सिदगोड़ा स्थित पार्टी कार्यालय, जिला सचिव रईस रिजवी छब्बन के द्वारा बिस्टुपुर, जिला सचिव अजितेश उज्जैन के द्वारा बारीडीह एवं ओबीसी के पूर्व जिला अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा जी के द्वारा साकची कार्यालय में स्व राजीव गांधी की 79वीं जयंती राष्ट्रीय सद्भावना दिवस के रूप में मनाई गई. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में नगर कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष धर्मेंद्र सोनकर, राकेश साहू एवं अविनाश सिंह उपस्थित रहे. इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर स्व राजीव गांधी की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किये गये.(नीचे भी पढ़ें)
धर्मेंद्र सोनकर ने अपने संबोधन में कहा कि राजीव गांधी को ‘आधुनिक भारत का शिल्पकार’ कहा जाता है. दरअसल राजीव गांधी ने देश में तकनीक के प्रयोग को बढ़ावा दिया. इसके तहत इन्होंने कंप्यूटर के व्यापक प्रयोग पर जोर डाला. भारत में कंप्यूटर प्रणाली को स्थापित करने के लिए इन्हें कई प्रकार के विरोधों और आरोपों को भी झेलना पड़ा. 20 अगस्त को देश में हर साल सद्भावना दिवस के रूप में मनाया जाता है. इसे समरसता दिवस और राजीव गांधी अक्षय ऊर्जा दिवस के तौर पर भी जाना जाता है. ये दिवस खासतौर पर भारत के दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गाँधी की याद में मनाया जाता है.












