जमशेदपुर : जमशेदपुर के डीसी ऑफिस में आयोजित आपूर्ति विभाग की मासिक समीक्षात्मक बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा निर्देश दिया गया कि अपने-अपने क्षेत्र में कोई भी योग्य लाभूक राशनकार्ड से वंचित नहीं रहे इसे सुनिश्चित करेंगे. वर्तमान में 33777 सदस्यों को राशनकार्ड निर्गत करने हेतु रिक्ति उपलब्ध है. विगत छ: माह एवं बारह माह से अधिक समय से राशन का उठाव नहीं करने वाले लाभुकों की सूची सभी प्रखण्ड आपूर्ति पदाधिकारी या पणन पदाधिकारी को उपलब्ध करा दिया गया है. सूची में अंकित लाभुकों का स्थानीय जन प्रतिनिधि के माध्यम से सत्यापन कराते हुए सूची जिला आपूर्ति पदाधिकारी को उपलब्ध कराये. यह भी निदेशित किया गया कि अच्छी तरह से सत्यापन के उपरान्त ही सूची भेजा जाये ताकि नियमित रूप से उठाव करने वाले लाभुकों का राशनकार्ड से नाम न कटे. यूआईडी सिडिंग के संबंध में बताया गया कि राशनकार्ड में आधार सिडिंग केवल ई–पॉश मशीन से ही संभव है. वर्तमान में ई-पॉश के माध्यम से आधार सिडिंग का कार्य बन्द है. पीवीटीजी डाकिया योजना के तहत् बोड़ाम, बहरागोड़ा, गुड़ाबान्दा एवं धालभूमगढ़ प्रखण्ड में शत प्रतिशत खाद्यान्न का वितरण किया जा चुका है. शेष प्रखण्डों में सभी लाभूकों को 10 जून तक खाद्यान्न का पैकेट निश्चित रूप से उपलब्ध कराये जाने का निदेश दिया गया. हरा राशनकार्डधारियों को माह नवम्बर, 2022 के विरूद्ध खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा चुका है. जिन लाभुकों द्वारा खाद्यान्न का उठाव नहीं किया गया है उनका सत्यापन कराने का निदेश दिया गया. जिला आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि माह दिसम्बर, 2022 एवं जनवरी, 2023 का खाद्यान्न का वितरण शीघ्र प्रारम्भ होने वाला है. (नीचे भी पढ़ें)
अतः उक्त दोनों माह का खाद्यान्न गोदाम से डीलर को अविलम्ब उपलब्ध कराने जाने का निदेश दिया गया. इआरसीएमएस में सभी प्रकार के लंबित आवेदनों को अविलम्ब डीएसओ लॉगिन में अग्रसारित करने का निदेश सभी बीएसओ और एमओ को दिया गया. पीजीएमएस पोर्टल में लंबित आवेदनों को अविलम्ब निष्पादित करने का निदेश दिया गया. धान अधिप्राप्ति योजना के अन्तर्गत लगभग 8333 क्वींटल धान अधिप्राप्ति केन्द्रों से मिल में भेजा जाना बाकी है. ऐसे बारह लैम्पस बहरागोड़ा लैम्पस, मानुषमुड़िया लैम्पस, जयपुरा लैम्पस, जोड़ाम लैम्पस, धालभूमगढ़ लैम्पस, मोहलीशोल लैम्पस, ज्वालकाटा लैम्पस, धोबनी लैम्पस, उत्तरी बादिया लैम्पस, कोईलीसुता लैम्पस, भागाबान्दी लैम्पस, खैरबनी लैम्पस एवं गुरमा लैम्पस से धान का शत प्रतिशत उठाव हेतु संबंधित प्रखण्ड सहकारिता प्रसार पदाधिकारियों को निदेश दिया गया. बैठक में विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी, जमशेदपुर, अनुमण्डल पदाधिकारी, धालभूम, जमशेदपुर, जिला सहकारिता पदाधिकारी, पूर्वी सिंहभूम, जिला कृषि पदाधिकारी, पूर्वी सिंहभूम, अनुभाजन क्षेत्र के प्रभारी पणन पदधिकारी, पणन सचिव, बाजार समिति उपस्थित थे.











