जमशेदपुर : रेड क्रॉस सोसाइटी की पूर्वी सिंहभूम जिला इकाई एवं राम मनोहर लोहिया नेत्रालय की ओर से द्रौपदी देवी चिमनलाल भालोटिया फैमिली ट्रस्ट, राजस्थान सेवा सदन एवं जिला ग्रामीण स्वास्थ्य समिति के सहयोग से 802वें नेत्र शिविर का सोमवार को नेत्र रोगियों की विदाई के साथ समापन हो गया. टाटा पिगमेंट्स के सीएसआर के तहत आयोजित शिविर में ऑपरेशन कराये नेत्र रोगियों की पट्टी खोलकर नेत्र चिकित्सक डॉ बीपी सिंह एवं उनके सहयोगी चिकित्सीय टीम द्वारा अंतिम रूप से जांच किये जाने के बाद सभी नेत्र रोगियों को चश्मा एवं दवाइयां प्रदान की गईं. रेड क्रॉस सोसाइटी के मानद सचिव विजय कुमार सिंह, नेत्र चिकित्सक डॉ बीपी सिंह एवं रेड क्रॉस कार्यकर्ता अशोक कुमार घोषाल, अशोक कुमार सिंह, आशीष कुमार ने नेत्र रोगियों को चश्मे एवं दवाइयां प्रदान की. रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने बताया कि रेड क्रॉस का अगला नेत्र शिविर स्व सोना देवी के स्मृति में सोना देवी यूनिवर्सिटी के संयोजन में सोना देवी मेमोरियल एजुकेशनल फाउण्डेशन ट्रस्ट के सीएसआर कार्यक्रम के तहत आयोजित किया जाएगा. ट्रस्ट के चेयरमैन प्रभाकर सिंह ने 24 से 26 जनवरी को आयोजित हो रहे नेत्र शिविर में कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे जरूरतमंद लोगों को शिविर तक पहुंचने में मदद करें. (नीचे भी पढ़ें)
रेड क्रॉस के गणतंत्र दिवस समारोह में डीसी करेंगे झंडोत्तोलन
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से आगामी गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) के शुभ अवसर पर प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी प्रातः 11:30 बजे से झंडोत्तोलन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इसमें उपायुक्त सह जिला रेडक्रॉस के अध्यक्ष कर्ण सत्यार्थी झंडोत्तोलन किया जाएगा. इस कार्यक्रम के तहत पूरे देश से टीबी के उन्मूलन के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत टीबी के मरीजों को 42वें महीने का पोषण किट, विटामिन एवं उपहार प्रदान किया जाएगा. हमेशा की तरह इस वर्ष भी जिला के मुख्य राष्ट्रीय कार्यक्रम गणतंत्र दिवस 26 जनवरी के लिए आयोजित कार्यक्रमों में रेड क्रॉस की सहभागिता फर्स्ट एड एवं एम्बुलेंस सेवा की रहेगी, जिसमें 20 जनवरी से ही रेड क्रॉस की एम्बुलेंस एवं फर्स्ट एड टीम निर्धापित दिवसों पर रिहर्सल परेड मैदान में तैनात रहेगी. वहीं मुख्य समारोह के दौरान 26 जनवरी को गोपाल मैदान, बिष्टुपुर में एम्बुलेंस एवं फर्स्ट एड की टीम आम जन व परेड के जवानों व अतिथियों की सेवा में तत्पर रहेगी.











