
जमशेदपुर : जमशेदपुर का रजिस्ट्री ऑफिस पिछले कई दिनों से विवाद में थे. रजिस्ट्रार प्रफुल्ल कुमार आये दिन विवादों में रहते है. इसी कड़ी में जमशेदपुर के रजिस्ट्री ऑफिस में एक बार फिर से विवाद हो गया. इस बार रजिस्ट्रार प्रफुल्ल कुमार की नोंकझोक वकीलों से हो गयी. वकीलों के मुताबिक, रजिस्ट्रार प्रफुल्ल कुमार के यहां पर रजिस्ट्री कराने वालों की काफी भीड़ जुटी हुई थी. भीड़ इतनी थी कि सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन नहीं हो पा रहा था.
बताया जाता है कि एक वकील मनीष कुमार रजिस्ट्री के दस्तावेज को लेकर रजिस्ट्रार के चेंबर में गये. रजिस्ट्रार ने उनको देखते हुए भड़क गये और उनको बाहर निकलने को कहा. इस दौरान उन्होंने बेहूदा कहते हुए वकील को संबोधित किया. फिर क्या था, हंगामा होने लगा. वकीलों ने इसका प्रतिरोध किया. वकीलों का कहना है कि रजिस्ट्रार प्रफुल्ल कुमार इसी तरह का काम करते है और पैसा नहीं देने वाले वकीलों को खास तौर पर टारगेट में लेकर किसी न किसी बहाना से बेइज्जत करने की कोशिश करते है. इस बार तो हद हो गयी, उन्होंने वकीलों को बेहूदा ही कहकर संबोधित कर दिया.
हालांकि, खुद रजिस्ट्रार प्रफुल्ल कुमार ने इस बात से साफ इनकार किया है. उनका कहना है कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के लिए उन्होंने अधिवक्ता को बोला तो वे बेवजह का झगड़ा शुरू कर दिया. इसको लेकर किसी तरह का अपशब्द कहने की बात से रजिस्ट्रार ने इनकार किया है.
घटना की सूचना तत्काल जमशेदपुर बार एसोसिएशन के महासचिव अनिल तिवारी को दिया गया. एसोसिएशन ने रजिस्ट्रार का यहां विरोध किया और कहा कि जब तक रजिस्ट्रार अपने व्यवहार में सुधार नहीं करते है तब तक वे लोग कामकाज को बंद रखेंगे. रजिस्ट्री के कार्य होने नहीं देंगे. इसको लेकर विरोध करने का फैसला लिया गया.
फिलहाल, रजिस्ट्रार के खिलाफ लोगों में गुस्सा है. हाल के दिनों में लगातार रजिस्ट्रार प्रफुल्ल कुमार विवादों में रहे है और अक्सर इस तरह के विवाद होते रहे है. उनके खिलाफ आला अधिकारियों को भी शिकायतें की गयी है. रजिस्ट्रार का कहना है कि अस्पताल में सोशल डिस्टेंसिग के नियमों का उल्लंघन कर लोग बेवजह यहां भीड़ लगा रहे हैं. मजबूरन उन्हें नियमों में बदलाव करना होगा.







