
सरायकेला : जमशेदपुर एसीबी की टीम ने चांडिल बिजली विभाग के कार्यालय में पदस्थापित हेड क्लर्क नरेश कुमार रब्बानी को 600 रूपए घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. विभाग ने राजेश कुमार महतो की शिकायत पर यह कार्रवाई की है. बताया जाता है, कि बिजली बिल में सुधार के नाम पर हेड क्लर्क उपभोक्ता राजेश कुमार महतो से पैसों की मांग कर रहा था. जिसकी शिकायत उपभोक्ता ने एसीबी से की. वहीं एसीबी ने शिकायत दर्ज करते हुए मामले के सत्यापन की जांच के बाद जाल बिछाया जहां आज टीम के सदस्यों ने हेड क्लर्क को 6 सौ रूपए घूस लेते रंगे हाथ दबोच लिया. फिलहाल एसीबी की टीम ने क्लर्क को अपने साथ जमशेदपुर ले गई है. बताया जाता है कि उसके खिलाफ कई शिकायतें थी. आम लोगों को काफी दिनों से परेशान कर रहा था. इसके बाद राजेश कुमार महतो ने उसके खिलाफ जाल बिछाया. पहले तो एसीबी के पास इसकी शिकायत की. इसके बाद इसका वेरिफिकेशन हुआ, जिसके बाद एसीबी टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी. जांच में आरोप को सही पाया गया, जिसके बाद 600 रुपये शिकायतकर्ता ने उपलब्ध कराये. उसमें केमिकल लगाया गया. इसके बाद जैसे ही वह रुपये देने गया, वैसे ही एसीबी की टीम ने उसको धर दबोचा. उसका केमिकल टेस्ट कराया गया, जिसमें आरोप को सही पाया गया. एसीबी की टीम उसकी जांच कर रही है कि और कितना पैसा उसने कितने लोगों से लिया है.







