जमशेदपुर : जुगसलाई-बिष्टुपुर मुख्य मार्ग पर सोमवार दोपहर जुगसलाई थाना के समीप एक सड़क दुर्घटना में स्कूली बच्चों से भरी ऑटो और एक पल्सर बाइक आमने-सामने भिड़ गईं. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रांग साइड से आ रही एक तेज रफ्तार पल्सर बाइक ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज था कि ऑटो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. टक्कर के बाद सड़क पर अफरातफरी मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर ऑटो में फंसे बच्चों और अन्य सवारियों को सुरक्षित बाहर निकाला और उनकी मदद की. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की सूचना मिलते ही जुगसलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दुर्घटनास्थल का जायजा लिया, यातायात को सामान्य कराया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. फिलहाल दुर्घटना में घायल लोगों की संख्या और उनकी स्थिति को लेकर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है. हालांकि, प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद कुछ लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया. (नीचे भी पढ़ें)
स्थानीय लोगों ने बताया कि जुगसलाई-बिष्टुपुर मार्ग पर रांग साइड से वाहन चलाने की समस्या लगातार बनी हुई है. उनका कहना है कि इसी लापरवाही के कारण इस मार्ग पर अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं. लोगों ने प्रशासन से रांग साइड ड्राइविंग पर सख्ती से रोक लगाने, नियमित जांच अभियान चलाने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है.




