
जमशेदपुर : जमशेदपुर के डिमना चौक के पास बुधवार शाम से मानो हादसों का केंद्र बना हुआ है. यहां एनएचएआईं द्वारा एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण कार्य चल रहा है. निर्माण के दौरान पिलर स्थापित करने के लिए सड़क पर गड्ढे खोदे गए थे और उनसे निकाली गई मिट्टी को वहीं रखा गया था. बुधवार को हुई बारिश के बाद यही मिट्टी बहकर मुख्य सड़क पर फैल गई जिससे पूरा मार्ग बेहद फिसलन भरा हो गया. इस फिसलन के कारण शाम करीब 6 बजे से देर रात तक एक के बाद एक करीब 17 से 18 वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गए. इनमें अधिकांश बाइक और स्कूटी सवार शामिल हैं. हादसों में एक पुरुष और एक महिला गंभीर रूप से घायल हुए हैं जबकि करीब 8 से 10 अन्य लोगों के घायल होने की सूचना है. (नीचे देखे पूरी खबर)

सड़क की स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए स्थानीय युवाओं ने डिमना चौक से मानगो चौक की ओर जाने वाले मार्ग को बंद कर दिया ताकि और कोई राहगीर दुर्घटना का शिकार न हो. मौके पर पहुंचे पप्पू सिंह ने बताया कि पूरे मामले की जानकारी पश्चिमी के विधायक सरयू राय को दे दी गई है. विधायक ने उपायुक्त से बातचीत की है जिसके बाद प्रशासन की ओर से सड़क की स्थिति जल्द सामान्य कराने का आश्वासन दिया गया है. फिलहाल दोपहिया समेत सामान्य वाहनों की आवाजाही इस मार्ग पर रोक दी गई है जबकि केवल भारी वाहनों को सावधानी के साथ गुजरने की अनुमति दी जा रही है. शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल इस सड़क पर कई घंटों तक लोग लगातार हादसों का शिकार होते रहे. हालांकि देर रात तक सड़क की स्थिति में कोई विशेष सुधार नहीं हो सका. फिलहाल प्रशासन की ओर से केवल आश्वासन मिला है. अब देखना यह होगा कि संबंधित अधिकारी कितनी जल्द कार्रवाई करते हैं और इस मार्ग को दोबारा सुरक्षित बनाकर आम लोगों के लिए सुगम आवागमन सुनिश्चित करते हैं.




