जादूगोड़ा : हरियाणा के सिग्नेचर ग्लोबल लिमिटेड में बीते 9 मार्च को हुए हादसे में मारे गए जादूगोड़ा के चार युवकों के शवों का शुक्रवार शाम यहां अंतिम संस्कार कर दिया गया. लोगो ने नम आंखों व गमगीन माहौल में चारों की अंतिम यात्रा निकाली व बनगोडा गांव स्थित स्वर्णरेखा घाट पर शवों की अंत्येष्टि की गई. धनंजय महतो के शव का परिजनों ने घर के बगल में ही अंतिम संस्कार किया. इस दौरान ग्रामीणों में सरकार के प्रति नाराजगी भी दिखी. नाराज़गी इस बात को लेकर कि झारखंड में मजदूरी कम होने की वजह से लोग पलायन करने को मजबूर हो रहे हैं व दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं. ग्रामीणों ने झारखंड सरकार से मजदूरो का पलायन रोकने की मांग की है ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके. (नीचे भी पढ़ें)

इस मौके पर जेएलकेएम नेता विमल महतो, भागीरथी हांसदा, विश्वनाथ महतो, भूपति महतो ने झारखंड सरकार से आर्थिक मदद के तौर पर 20 लाख रुपये देने की मांग उठाई है. शव यात्रा में हाथी विंदा पंचायत अंतर्गत वनगोडा से तपन कुमार महतो, विमल महतो, विश्वनाथ महतो, भागीरथी हांसदा , भूपति महतो, बीर सिंह, नंदलाल महतो, असित वरण महतो, मनिंदर महतो, दल गोविंद महतो, डीजी महतो, तपन कुमार महतो समेत सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया. यहां बताते चलें कि गुरुग्राम (हरियाणा) के सिग्नेचर ग्लोबल लिमिटेड में बीते 9 मार्च को हुए हादसे में मारे गए जादूगोड़ा के हाथीबिंदा पंचायत के वनगोड़ा गांव के चार युवकों के परिजनों को कंपनी प्रबंधन की ओर से 20-20 लाख रुपये का पहला चेक सौंप दिया गया है.(नीचे भी पढ़ें)
इधर मृतक मंगल महतो के परिजन भूपति महतो ने कहा कि पहली किस्त के रूप में कंपनी प्रबंधन ने मृतक के परिजनों को 20-20 लाख का चेक सौंपा है व तीन दिन बाद 15 लाख एवं पांच लाख हरियाणा सरकार से मिलने का भरोसा मिला है. इधर जिले के उपायुक्त के निर्देश पर पोटका प्रखंड के अंचल कर्मियों ने मृतक परिवार से मुलाकात कर पारिवारिक सूची तैयार कर हरियाणा सरकार को भेजी गई है. उल्लेखनीय है कि गुरुग्राम के सिग्नेचर ग्लोबल सोसायटी की कंस्ट्रक्शन साइट पर मिट्टी धंसने से बनगोड़ा गांव के चार युवकों की मौत हो गई थी. मृतको में मंगल महतो (30) भगीरथ गोप (30 साल) धनंजय महतो (40 साल) व संजीव उर्फ दुलाल गोप शामिल थे, जबकि दो अन्य युवक, राकेश महतो (जादूगोड़ा) समीर महतो (जादूगोड़ा) बाल-बाल बच गए.







