
बहरागोड़ा : भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि विगत पांच माह से विधवा, वृद्धावस्था और दिव्यांग पेंशन का भुगतान नहीं हो रहा है. अनेक गरीब विधवा और बुजुर्गों के लिए सामाजिक सुरक्षा के तहत मिलने वाले पेंशन की राशि ही उनके जीवन- यापन के लिए एकमात्र साधन है. परन्तु राज्य सरकार के द्वारा आबंटन न दिए जाने के कारण गरीब बुजुर्गों को अपना जीवन निर्वाह करना भी काफी मुश्किल हो गया है. डाॅ गोस्वामी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से राज्य के गरीब दिव्यांग , विधवा और बुजुर्गों को मिलने वाली पेंशन की राशि का शीघ्र भुगतान करवाने का आग्रह किया है. डॉ गोस्वामी ने पूर्ववर्ती भाजपा सरकार द्वारा किसानों और गरीबों के उन्नयन के लिए चलायी जा रही लगभग सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को वर्तमान झामुमो-कांग्रेस गठबंधन की सरकार के द्वारा बंद कर दिेये जाने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा है कि हेमंत सरकार के गठन होते ही मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना बंद कर दी गई. इस योजना के तहत किसानों को कृषि कार्य में सहायता हेतु सरकार द्वारा 5 हजार रुपये प्रति एकड़ की राशि जिसमें अधिकतम 25 हजार रुपये तक किसानों को प्रदान की जाती थी. महिलाओं को 1 रूपए में जमीन और घर खरीदने के रजिस्ट्री शुल्क के प्रावधान को भी वर्तमान सरकार ने समाप्त कर दिया है.











