जादूगोड़ा : पोटका प्रखंड क्षेत्र के ग्वाल काटा पंचायत में 10 करोड़ 19 लाख की लागत से बनने वाली सड़क बीते दो सालों से अधूरा पड़ा हुआ है. वर्ष 2024 में पोटका विधायक संजीव सरदार ने 10 किलो मीटर लंबी इस सड़क का तामझाम के साथ शिलान्यास किया था. उस वक्त ग्रामीणों को उम्मीद थी कि उनका वर्षों पुराना सपना हकीकत बनकर उनकी जर्जर सड़क की परेशानियों को दूर करेगा लेकिन हुआ उलटा. कुछ किलोमीटर घटिया सड़क निर्माण के बाद संवेदक ही लापता हो गया. यह सड़क पोटका प्रखंड के ग्वालकाटा पंचायत अंतर्गत गौडग्राम रामजांगा से लेकर शासनघुटू, मोहनाडीह, चुकनुटांड, बालिया गोडा होते हुए बांकाई तक कालीकरण होना था. (नीचे भी पढ़ें)

इधर ग्रामीणों ने अधूरी सड़क निर्माण को लेकर पूर्व मुखिया सह पंचायत समिति सदस्य सीताराम हांसदा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने मंगलवार को रांची पहुंचकर ग्रामीण कार्य विभाग के मुख्य सचिव से एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा व तत्काल सड़क निर्माण की मांग उठाई ताकि ग्रामीणों को जर्जर सड़क से हो रही परेशानियों से राहत मिल सके. यहां बताते चले कि सड़क नहीं बनने से आदिवासियों की बड़ी आवादी प्रभावित है और अधूरी सड़क को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में सरकार के रवैए के प्रति भारी असंतोष देखा जा रहा है. ग्रामीण मुख्य सचिव से मिलने गए प्रतिनिधिमंडल में पोटका प्रखंड क्षेत्र के ग्वाल काटा पंचायत के ग्राम प्रधान सिमाल हांसदा, मोहन मांझी, दुर्गा चरण मुर्मू, सहदेव हेंब्रम, बारियर हांसदा समेत अन्य ग्रामीणों ने हिस्सा लिया.







