चाकुलिया : चाकुलिया-धालभूमगढ़ मुख्य सड़क के लखिपुरा गांव के पास देर शाम अज्ञात ट्रक की चपेट में आकर साइकिल सवार लखिपुरा गांव निवासी हरिलाल नायक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के पश्चात चालक ट्रक लेकर फरार हो गया है. घटना की सूचना पाकर ग्रामीणों ने 108 एंबुलेंस के लिए कई बार फोन किया,परंतु एंबुलेंस नहीं पहुंचने पर ग्रामीणों ने घाटशिला की और जा रही एक टेंपो पर घायल युवक को बेहतर इलाज के लिए धालभूमगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भेजवाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए घाटशिला अनुमंडल अस्पताल रेफर कर दिया. रेफर होने के बावजूद भी स्वास्थ्य केन्द्र में एंबुलेंस नहीं होने के कारण परिजन वाहन के लिए भटकते रहे और समय पर वाहन उपलब्ध नहीं हो पाने के कारण युवक की मौत हो गई. (नीचे भी पढ़ें)
इस घटना से लोगों में काफी आक्रोश है और लोगों ने कहा कि समय पर एंबुलेंस मिलती तो शायद युवक की जान बच जाती. इस संबंध में धालभूमगढ़ थाना प्रभारी धीरज मिश्रा ने कहा कि उन्हें जब घटना की सूचना मिली तो उन्होंने घायल युवक को उपचार के लिए घाटशिला ले जाने के लिए पुलिस वाहन भेजवाया, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी. ग्रामीणों ने सरकार के प्रति रोष व्यक्त करते हुए मांग की है कि सरकार जल्द से जल्द सरकारी अस्पतालों में 108 एंबुलेंस की व्यवस्था करे ताकि समय रहते लोगों को बेहतर इलाज मिल सके.








