चाकुलिया : दुर्गा पूजा के नजदीक आते ही चाकुलिया शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के लोग पूजा के रंग में रंगने लगे हैं. बाजार की विभिन्न दुकानों पर खरीददारी करने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है और लोग पूजा को धुमधाम से मनाने की तैयारी में जुटे हुए हैं. वहीं चाकुलिया बाजार क्षेत्र के विभिन्न पूजा कमेटी द्वारा पूजा की तैयारियां जोर शोर से की जा रही है और तैयारियां अंतिम चरण पर है. बाजार क्षेत्र के पुराना बाजार सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी द्वारा इस वर्ष 102 वां वर्ष मां दुर्गा की पूजा कर रही है. कमेटी द्वारा इस वर्ष सीता माता की नौका विलास थीम पर भव्य पंडाल का निर्माण बंगाल के कारीगरों द्वारा की जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)

पंडाल और भव्य विद्युत सज्जा लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र होगा. पूजा के अवसर पर कमेटी द्वारा सप्तमी, अष्टमी और नवमी को सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा और दशमी के दिन हजारों भक्तों के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा. वहीं शिल्पी महल क्लब द्वारा भी झारखंड की संस्कृति पर आधारित पहाड़ जंगल और गजराज के थीम पर निर्मित पंडाल लोगों को आकर्षित करेगा. नया बाजार सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी द्वारा निर्मित भव्य पंडाल और विद्युत सज्जा लोगों को खुब भाएगा. केएनजे स्कूल मैदान में पूजा कमेटी द्वारा निर्मित तिरूपति बालाजी थीम मंदिर और वन विभाग के पास कमेटी द्वारा निर्मित प्रेम मंदिर थीम पर भव्य पूजा पंडाल और विद्युत सज्जा लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र होगा. वहीं इस वर्ष कमारीगोड़ा में भी पहली बार मां दुर्गा की पूजा की जा रही है जिससे लोगों में काफी उत्साह है. वहीं ग्रामीण क्षेत्र में तुलसीबनी शिवराम आश्रम, चिंयाबांधी, बालिदुमा,जामडोल,धाधिका और माटियाबांधी गांव में भी धुमधाम से मां दुर्गा की पूजा की जा रही है और तैयारियां अंतिम चरण पर है.





