पोटका : कोवाली थाना क्षेत्र में रविवार रात अलग-अलग स्थानों पर हुए तीन सड़क हादसों में छह लोग घायल हो गए. दुर्घटनाओं के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घायलों में एक युवक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है. सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर भेजा गया. जानकारी के अनुसार, पहला हादसा हल्दीपोखर-कोवाली मुख्य सड़क पर भेलाईडीह के पास हुआ. यहां बुकामडीह निवासी अमित सरदार बाइक से जा रहे थे. इसी दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई, जिससे वह सड़क पर गिरकर घायल हो गए. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं, दूसरी दुर्घटना हल्दीपोखर में नेताजी सुभाष बोस स्कूल के समीप हुई. यहां लखनसाई निवासी भवेश सरदार और मुन्ना मुर्मू की बाइक आपस में टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार घायल हो गए. तीसरी घटना गंगाडीह के पास हुई, जहां मंगलासाई के एक युवक की बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. इस हादसे में अमित गौड़ और प्रकाश गौड़ घायल हो गए. (नीचे भी पढ़ें)
बताया जा रहा है कि प्रकाश गौड़ को गंभीर चोटें आई हैं और उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है. तीनों दुर्घटनाओं की सूचना मिलने के बाद कोवाली पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की. प्राथमिक उपचार के बाद सभी छह घायलों को बेहतर चिकित्सा के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया गया.





