
चाकुलिया : चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के नया बाजार रेलवे भूमि पर बसे 55 मजदूर परिवार को रेलवे विभाग द्वारा 29 जनवरी तक भूमी खाली करने का नोटिस देने की सूचना पाकर नगर पंचायत की अध्यक्ष संध्यारानी सरदार, पार्षद देवानंद सिंह, मलय रूहीदास, कांग्रेस के प्रखंड संयोजक विक्रम सिंह बीड़ी बस्ती पहुंचकर ग्रामीणों के साथ बैठक की. बैठक में रेल भूमि पर बसे ग्रामीणों ने कहा कि वे सभी वर्षो से रेल भूमि पर झोपड़ी बनाकर जीवन यापन कर रहे हैं. कहा कि सरकार और जन प्रतिनिधियों से मिलकर कई बार सरकारी भूमि पट्टा पर देने की मांग की है, परंतु अबतक किसी ने पहल नहीं की है. मजदूर परिवारों ने कहा कि घर टूटने पर वे सभी बच्चों के साथ सड़क पर आ जाएंगे और खुले आसमान के नीचे रहने पर विवश हो जाएगें. परिवार की समस्याओं से अवगत होकर नपं अध्यक्ष संध्या रानी सरदार ने कहा कि वे अपने स्तर पर प्रयास करेंगी कि नपं क्षेत्र में सरकारी भूमि को चिन्हित कर परिवार के नाम पट्टा दिया जा सके. उन्होंने कहा कि सभी कि समस्या को लेकर वे विभाग के पदाधिकारी से मिलकर जल्द पहल करने की मांग करेगी. बैठक में निर्णय लिया गया कि रेल मंत्री और डीआरएम के नाम मांग पत्र सौंपकर कुछ समय लिया जाए, ताकि परिवार अपनी व्यवस्था कर सके. मौके पर समीर गोस्वामी, भाटु पूर्ति, भुंदु पूर्ति, छोटु मुंडा, चन्द्रमोहन बोईपाई, कुनु मुंडा, डाक्टर मुंडा, बंगाली सुंडी, गीता कुई, मंगनी मुंडा, कारमी मुंडा, आरती मुंडा, जिमा पूर्ती, पार्वती मुंडा, चंम्पा मुर्मु, नागी सोय, लखी मुंडा समेत अन्य उपस्थित थे.






