चाकुलिया: चाकुलिया प्रखंड के बहुप्रतीक्षित मांग कॉलेज स्थापना की मांग जल्द ही पूर्ण होने वाली है. बहरागोड़ा के विधायक समीर महंती के प्रयास के कारण चाकुलिया में कॉलेज भवन निर्माण के लिए सरकार ने अपनी स्वीकृति दे दी है. कॉलेज भवन निर्माण की स्वीकृति मिलने पर बुधवार को कोल्हान विश्वविद्यालय के सीसीडीसी डॉ सुरेश चन्द्र दास, घाटशिला कॉलेज के प्राचार्य डॉ रविन्द्र कुमार चौधरी, बहरागोड़ा कॉलेज के प्राचार्य बाल कृष्णा बेहरा, और सीओ जयवंती देवगम ने चाकुलिया के माड़दाबांध गांव के पास खाली पड़ी सरकारी भूमि का निरीक्षण किया. निरीक्षण टीम ने भूमि पर कॉलेज की भवन निर्माण के लिए स्वीकृति दे दी है सीसीडीसी ने सीओ से कॉलेज भवन निर्माण हेतु 5 एकड़ भूमि का सीमांकन कर उसका रिपोर्ट आगे भेजने की बात कही.(नीचे भी पढ़े)
कॉलेज निर्माण के लिए टीम द्वारा बुधवार को भूमि निरीक्षण करने पर स्थानीय लोगों में एक आस जगी है कि जल्द ही अब चाकुलिया में कॉलेज की स्थापना होगी. विदित हो कि चाकुलिया में एक भी कॉलेज नहीं होने के कारण प्रखंड के सुदूरवर्ती क्षेत्र से विद्यार्थी उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए विभिन्न वाहनों से चाकुलिया पहुंचकर 35 से 40 किलोमीटर की दूरी तय कर घाटशिला महाविद्यालय में शिक्षा ग्रहण करने जाते हैं. इससे विद्यार्थियों को पठन-पाठन करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. स्थानीय विद्यार्थियों की समस्याओं को देखते हुए विधायक समीर महंती ने कई बार विधानसभा सत्र में चाकुलिया में एक कॉलेज स्थापना की मांग उठाई थी जिसकी स्वीकृति राज्य सरकार ने दे दी है. मौके पर जिला सचिव घनश्याम महतो,प्रखंड प्रमुख धनंजय करुणामय, गौतम दास,पुलक महापात्र, निर्मल महतो,राहुल महतो, मोहन माईति,झंटू भोल समेत अन्य उपस्थित थे.











