जमशेदपुर : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की खतियानी जोहार यात्रा का दूसरा चरण अब आगामी 17 जनवरी को कोडरमा से आरंभ होगा. जनता को जागरूक करने एवं उन तक सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से शुरू हुई इस खतियानी जोहार यात्रा के दूसरे चरण में कांग्रेस के कोटे से मंत्री आलमगीर आलम एवं राजद कोटे के मंत्री सत्यानंद भोक्ता भी उनके साथ रहेंगे. (नीचे भी पढ़ें)
यात्रा के दूसरे चरण की तैयारियों को लेकर आज यहां झामुमो मुख्यालय में हुई अहम बैठक के बाद इसकी घोषणा की गयी. इसके अनुसार खतियानी जोहार यात्रा अब तीन की जगह चार चरणों में संपन्न होगी. 17 जनवरी को कोडरमा से यात्रा का दूसरा चरण शुरू करने के बाद मुख्यमंत्री 18 जनवरी को गिरिडीह, 23 को सिमडेगा, 24 को चाईबासा, 30 को सरायकेला एवं 31 को जमशेदपुर पहुंचेंगे. उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री अब बाकी के तीन चरणों में जनवरी, फरवरी एवं मार्च महीनों में हर माह छह जिलों का भ्रमण करेंगे. (नीचे भी पढ़ें)
बताते चलें कि खतियानीजोहार यात्रा को सफल बनाने के उद्देश्य से राजधानी रांची में पार्टी मुख्यालय में विनोद कुमार पांडेय की अध्यक्षता में हुई बैठक में दूसरे चरण के जिलों, सिमडेगा व चाईबासा के पार्टी पदाधिकारियों व केंद्रीय समिति के सदस्यों ने शिरकत की. नेताओं-कार्यकर्ताओं को यात्रा सफल बनाने के लिए क्षेत्र में प्रचार प्रसार करने का निर्देश भी दिया गया.











