
जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे बोड़ाम थाना अंतर्गत डिमना डैम के पास बोटा निवासी लोदरा टुडू का हत्यारा उसी का चचेरा भाई जीतू टुडू ही निकला. जीतू ने ही उसकी हत्या कर शव को डैम के किनारे फेंक दिया था. पुलिस ने जीतू को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ के क्रम में उसने पुलिस के समक्ष हत्या की बात स्वीकार की है. उसने पुलिस को बताया कि जमीन विवाद को लेकर उसने लोदरा की हत्या कर दी. जमीन को लेकर अक्सर विवाद चल रहा था. घटना के दिन उसने हत्या का प्लान बनाया और हत्या कर शव को डैम के किनारे फेंक दिया. उसने पुलिस को बताया कि शाम को जब लोदरा काम से घर वापस आ रहा था तभी रास्ते में ही उसे बाइक पे बिठाया और अपने साथ शराब पिलाने ले गया. शराब पीने के बाद जब लोदरा नशे में था तभी गमछे से गला घोंटने के बाद धारदार हथियार से उसके गर्दन पर वार कर उसकी हत्या कर फरार हो गया. पुलिस बुधवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेजेगी.




